
शिवराज की नजर में ..दिग्विजय ‘देशद्रोही’ की श्रेणी में

सतना | भारतीय जनता पार्टी अगले विधानसभा चुनाव में एक बार फिर दिग्विजय शासनकाल को भुनाने की तैयारी में है। पार्टी आगामी कार्यक्रमों को लेकर जनता के बीच जा रही है, जिसमें भाजपा सरकार के विकास एवं कांग्रेस के दिग्विजय सिंह सरकार की खामियों को बताया जाएगा। इसी क्रम में चौथी पारी के लिए जनता का आशीर्वाद लेने निकले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पानी पी पीकर दिग्विजय सिंह के कार्यकाल को कोस रहे हैं| जनता के बीच पहुँच कर सीएम बीमारू राज्य की तस्वीर याद दिला कर कांग्रेस पर निशाना साध रहे हैं| उनके भाषण में ज्यादातर टिप्पणी दिग्विजय सिंह के लिए देखी जा रही है| एक बार फिर शिवराज ने दिग्विजय के खिलाफ तीखा हमला बोलते हुए उन्हें देशद्रोही श्रेणी वाला नेता बताया है|
जन आशीर्वाद यात्रा के दूसरे चरण में सतना जिले के दौरे पर सीएम शिवराज ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए कहा है कि दिग्गी कुंठित हैं और कई बार देशद्रोही लगते हैं। जिन्हें देश, समाज, संस्कृति से कोई लेना देना नही है। ऐसे लोगों को हम धिक्कारते हैं। शिवराज सिंह ने कहा, ये ऐसे शख्स हैं अगर किसी आंतकवादी को पुलिस मार दे तो ये आतंकवादी के घर जाते हैं। जी कहकर संबोधित करते हैं आतंकवादी को।

कांग्रेस हमारी पिछलग्गू
कांग्रेस की जनजागरण यात्रा पर निशाना साधते हुए शिवराज ने कहा कांग्रेस हमारी यात्रा के पीछे-पीछे अपनी यात्रा निकालती है। कांग्रेस पिछलग्गू हो गई है। कांग्रेस अजब गजब पार्टी है। पहले प्रदेश को तबाह बर्बाद कर दिया। कांग्रेस वाले बताए 1993-2003 तक सड़क बिजली सिंचाई क्यों नहीं थी। ये जनता को बताना चाहिए। सतना के विकास की बात पर बोले कि 10530.74 करोड़ के सतना में काम होंगे। सीएम ने नेता प्रतिपक्ष और उनकी मां सरोज सिंह के विवाद पर कहा कि हम मां के साथ खड़े हैं। वो कोई सामान्य महिला नहीं बल्कि देश के मूर्धन्य नेता रहे अर्जुन सिंह की पत्नी हैं, वो जो चाहेंगी सरकार मदद करेगी|
