
‘देशद्रोही’ पर सियासी उबाल, राजधानी में बड़ा प्रदर्शन करने की तैयारी में कांग्रेस

भोपाल:
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को ‘देशद्रोहीÓ जैसा बताना, सरकार के गले की फांस बन गया है। दिग्विजय की गिरफ्तारी के ऐलान के बाद अब सरकार का खुफिया तंत्र भी अलर्ट हो गया है। क्योंकि 26 जुलाई को कांग्रेस राजधानी में बड़ा प्रदर्शन करने की तैयारी में है।

‘देशद्रोही’ के आरोप को कांग्रेस अब राजनीतिक तौर पर भुनाने के लिए राजधानी में हजारों की संख्या में गिरफ्तारी देेने की तैयारी में जुट गई है। इसके लिए प्रदेश भर से कार्यकर्ताओं की भीड़ राजधानी में जुटेगी।
देशद्रोह के आरोप के बाद दिग्विजय ने मप्र राजनीति में सक्रियता बढ़ा दी है। पहले की अपेक्षा अब उनके ज्यादा राजनीतिक बयान आ रहे हैं। मुख्यमंत्री को माफी मांगने और खुद की गिरफ्तारी देने को लेकर पत्र लिखे जाने के बाद दिग्विजय ने कोर्ट जाने की भी धमकी दे डाली है। 26 जुलाई को गिरफ्तारी देने के लिए हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। खास बात यह है कि इस दौरान पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया, सांसद विवेक तन्खा, पूर्व पीसीसी अध्यक्ष अरुण यादव एवं अन्य सभी नेता शामिल होंगे। पीसीसी सूत्रों ने बताया कि देशद्रोह के मुद्दे के बहाने कांग्रेस बड़ा शक्ति प्रदर्शन कर रही है। चुनाव से पहले कांग्रेस का अब तक का सबसे बड़ा प्रदर्शन होगा। इधर सरकार की खुफिया एजेंसियों की नजर कांग्रेस के प्रदर्शन की तैयारियों पर है। आसपास के जिलों से इसके इनपुट बुलाए गए हैं कि दिग्विजय के कार्यक्रम में कितने कांग्रेसियों के पहुंचने की संभावना है।
सोशल मीडिया पर किया आह्वान
देशद्रोह के आरोप का सरकार को जवाब देने के लिए कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर भी अभियान छेड़ दिया है। पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ द्वारा हाल ही में शहर कांग्रेस में कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए आसिफ जकी ने दिग्विजय को नेता नहीं कांग्रेस बताया है। जकी कमलनाथ के कट्ठर समर्थक हैं।
