
विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को ने किया आस्वस्थ, कृषि को लाभ का धंधा बनाने के लिए शासन प्रतिबद्ध (अनिल दुबे की रिपोर्ट)

तीन दिवसीय कृषि विज्ञान मेले में किसान भाइयों को बताए गए उन्नत कृषि के तरीके
प्रगतिशील कृषकों को किया गया सम्मानित…
अनूपपुर-
25 फरवरी 2019/देश की लगभग 70 प्रतिशत जनसंख्या अपने जीवकोपार्जन के लिए कृषि पर निर्भर है। देश की दशा एवं विकास की दशा सुधारने प्रगति पथ का निर्धारण करने हेतु कृषि एक महत्वपूर्ण अंग हैं। कृषि के विकास के बिना क्षेत्र के विकास की कल्पना नही की जा सकती। पुष्पराजगढ़ विधायक फुँदेलाल सिंह मार्को तीन दिवसीय कृषि विज्ञान मेले में आगंतुक कृषक भाइयों एवं बहनो को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा शासन कृषि के महत्व को पहचानती है कृषकों के दर्द समस्याओं एवं जरूरतों को समझती है। जय किसान फसल ऋण माफी की संकल्पना शासन की इसी कृषक हितैषी सोच कि परिणाम है।
विधायक पुष्पराजगढ़ ने कहा कृषि को लाभ का धंधा बनाने के लिए आवश्यक है कि बदलती हुई इस जलवायु को समझकर, साधनो एवं जलवायु के आधार पर उन्नत तरीकों का प्रयोग करके कृषि की जाय। संसाधनों के उचित प्रयोग से ही उत्पादन बढ़कर कृषि समृद्धि आएगी और देश आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ेगा। इस हेतु कृषि की बारीकियों की समझ बहुत आवश्यक है आपने उपस्थित समस्त कृषको से मेले में उन्नत तकनीकी एवं योजनाओं की विधिवत जानकारी प्राप्त कर उसका क्रियान्वयन कृषि कार्य में करने का आह्वान किया है।साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष रूपमती सिंह ने कहा कृषि उत्पादन को बढ़ाने हेतु आधुनिक तकनीकी एवं संसाधनों का प्रयोग आवश्यक है। इस हेतु समस्त बारीकियों को समझने हेतु यह अच्छा अवसर है।
इससे पहले उप संचालक कृषि एन डी गुप्ता ने बताया कि आत्मा परियोजना अंतर्गत यह मेला संस्थगित किया गया है। इस तीन दिवसीय मेले में कृषि वैज्ञानिकों द्वारा कृषकों को कृषि की उन्नत तकनीकी, तरीके, आधुनिक कृषि उपकरण उनके प्रयोग के तरीके, उन्नत खाद बीज आदि की विधिवत जानकारी दी जाएगी। इस दौरान क्षेत्र में उन्नत तकनीको के माध्यम से कृषि कार्य करने वाले प्रगतिशील कृषकों को सम्मानित किया गया।
मेले में पशु विभाग, मत्स्य विभाग, जनसम्पर्क विभाग समेत निजी संस्थानो एवं अन्य विभागों ने कृषि से जुड़े विभिन्न विषयों एवं शासकीय योजनाओं पर स्टॉल लगाकर कृषकों को जागृत किया। इस दौरान जनप्रतिनिधि, किसान भाई एवं आम जन उपस्थित रहे।
