

शासकीय सेवक नियमित रूप से अपने कार्यस्थल में रहें उपस्थित- आयुक्त
आयुक्त ने पुष्पराजगढ़ अंचल के फर्रीसेमर एवं बैगान टोला के निवासियों से की पड़ताल
सेवाओं की सही समय में प्राप्ति नागरिकों का अधिकार है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही अथवा उदासीनता अक्षम्य है। आयुक्त शहडोल संभाग शोभित जैन ने अनूपपुर के पुष्पराजगढ़ अंचल के विभिन्न ग्रामों के औचक निरीक्षण के दौरान यह निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामों के भ्रमण के दौरान वहाँ के निवासियों से विद्यालयों में शिक्षकों की नियमितता, शिक्षा की गुणवत्ता, आँगनवाड़ी केंद्रों का संचालन एवं प्रदान की जाने वाली सुविधाओं, स्वास्थ्य व्यवस्था एएनएम की उपलब्धता, पेय जल व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, उचित मूल्य की दुकानो से खाद्यान्न आवंटन, टीकाकरण, गर्भवती धात्री महिलाओं को दी जा रही सुविधाओं, अविवादित नामान्तरण बँटवारा, गेहूँ चना उपार्जन केंद्रों का संचालन आदि विषयों पर फर्रीसेमर, बैगानटोला के निवासियों से चर्चा की। इस दौरान गाँव के सचिव, रोजगार सहायक, आशा, एएनएम, आँगनवाड़ी कार्यकर्ता, पटवारी, कृषि विभाग के अधिकारी आदि की गाँव में उपलब्धता के सम्बंध में ग्रामीणों से पूँछतांक्ष की एवं सम्बंधित शासकीय सेवकों को नियमित रूप से ग्रामीण जनो की सेवा हेतु उपलब्ध रहने के निर्देश दिए। ग्रामीण जनो को कृषि हेतु उन्नत तरीकों के प्रयोग हेतु प्रोत्साहित किया। साथ ही ग्रीष्मकाल में पलायन रोकने हेतु एवं आजीविका सुनिश्चित करने हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सरोधन सिंह को निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि कृषि विस्तार अधिकारी हर 15 दिन में सम्बंधित क्षेत्र में नियमित रूप से भ्रमण कर ग्रामीणों को कृषि की उन्नत तकनीकों बीजों आदि की जानकारी दें।
ग्रामीण जनो को प्रदान की जाने वाली स्वास्थ्य सुविधाएँ नियमित हो डॉक्टर एवं सहायक निर्धारित समय में स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध हों। स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर एवं उपलब्धता ऐसा होना चाहिए जिससे ग्रामीण जनो को निजी संस्थानो में जाने की आवश्यकता न पड़ें। उन्होंने झोलाछाप डाक्टरों पर अभियान चलाकर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। ग्रामीण जनो को उचित मूल्य की दुकान से प्राप्त राशन एवं उसकी दरों के सम्बंध में जानकारी ली एवं स्पष्ट किया कि अगर उन्हें पात्रतानुसार खाद्यान्न देने से मना किया जाता है तुरंत प्रशासन को सूचित करें सम्बंधित के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। इस दौरान ग्रामीण जनो ने पात्रतानुसार खाद्यान्न उपलब्ध होने की जानकारी आयुक्त को दी। बच्चों के शैक्षणिक स्तर की जाँच के दौरान ग्रामीण अंचल के बच्चों से गणवेश हेतु प्रदाय की जाने वाली राशि एवं साइकल प्रदाय की जानकारी ली। बच्चों से कहा मन लगाकर पढ़ें अच्छी शिक्षा से आगे बढ़ने की प्रगति की अपार संभावनाएँ खुल जाती हैं। आयुक्त ने ग्रामीण अंचल में पेय जल की उपलब्धता एवं गुणवत्ता पर नियमित रूप से नजर रखने एवं आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इस दौरान फर्रीसेमर के ग्रामीण जनो ने हैंडपम्प के खराब होने की शिकायत की। आयुक्त ने उक्त हैंडपम्प को तुरंत दुरुस्त करने एवं की गयी कार्यवाही से अवगत कराने के लिए कहा।
इस दौरान कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर, एसडीएम पुष्पराजगढ़ बालागुरु के समेत अन्य विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
