

रूठों को मनाने में जुटी हिमाद्री…
….तो सोशल मीडिया के सहारे पार लगेगी कांग्रेस की नइया
इन्ट्रोः- लोकसभा आम चुनाव प्रचार-प्रसार के 6 दिन बाद भी कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाली विधानसभा पुष्पराजगढ़ में कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती प्रमिला सिंह अपनों से दूर दिखाई दे रही है। वहीं भाजपा के रूठे पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को मनाने में हिमाद्री सिंह जुटी हुई हैं। आम जनता के बीच तो प्रचार का जोर कांग्रेस का नहीं दिखाई पड़ रहा है, शायद सोशल मीडिया के सहारे प्रत्याशी अपनी नइया पार लगानी चाह रही है। बहरहाल अभी शेष बचे दिनों में क्या कुछ होगा कहा नहीं जा सकता।

शहडोल।
शहडोल लोकसभा में इस बार के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी व कांग्रेस दोनों सिद्धांतों से हटकर मैदान में दिखाई पड़ रही हैं। 1980 के बाद लोकसभा का चुनाव हो और कांग्रेस में दलबीर सिंह के नाम का जिक्र न हो ऐसा शायद ही हुआ होगा। लेकिन इस बार के चुनाव में उन्हीं के घर पुष्पराजगढ़ विधानसभा में कांग्रेस ने उन्हें भुला दिया है। जबकि पुष्पराजगढ़ विधानसभा में कांग्रेस को हमेशा बढ़त रही है। इस बार यहां भाजपा पूरी दमखम के साथ डटकर बढ़त बनाना चाहती है। कितना किसे फायदा होगा यह बाद में ही सामने आ पायेगा।
