

मेहंदी रचाकर युवतियाँ एवं महिलाएँ दे रही हैं मतदान करने का संदेश…
अनूपपुर।
लोकतंत्र के महात्योहार को अब 4 दिन शेष हैं। समय आ गया है कि अब हम अपने कर्तव्य के निर्वहन के प्रति सजग हो जाएँ, अपने मन के प्रतिनिधि को चुनने के लिए आवश्यक जाँच परख कर लें। हर एक मत महत्वपूर्ण है इसका उपयोग सोच समझकर एवं स्वविवेक के आधार पर करना चाहिए। प्रलोभन से दूर रहें निडर होकर अपने मत का प्रयोग करें। आपका मतदान लोकतंत्र को सशक्त करने हेतु सबसे बड़ा अनुदान है। यह हर मतदाता की नैतिक जिम्मेदारी एवं कर्तव्य है। जिला प्रशासन द्वारा हर मतदाता तक अपना यह संदेश पहुँचाकर शत प्रतिशत मतदान की प्राप्ति हेतु विविध प्रयास किए जा रहे हैं। उक्त अभियान में आम जनो का साथ सतत रूप से मिलता जा रहा है। मतदाता जागरूकता अभियान की असली सफलता आम जनो की सहभागिता है। इस अभियान को हर घर हर हृदय तक पहुँचाकर मतदान दिवस के दिन पूर्ण सहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य आमजनो के जुड़ाव पर आधारित है। इस अभियान को नारी शक्ति द्वारा और सशक्त किया जा रहा है। जिस प्रकार वाहन के समस्त पहिए उसके आगे चलने के लिए आवश्यक है उसी प्रकार महिला पुरूष सभी की सहभागिता से ही लोकतंत्र की गाड़ी आगे चलेगी। उक्त भावना को समेटे जागरूक युवतियों एवं महिलाओं के द्वारा हाथों में लोकतंत्र की मेहंदी रचाकर 29 अप्रैल को मतदान करने का संदेश दिया जा रहा है। आइए अनूपपुर के समस्त मतदाता यह प्रण लें इस 29 अप्रैल को मतदान केंद्रों में लोकतंत्र का महात्योहार मनाएँगे। एक भी मत को जाया नही होने देंगे।
