
सैर को गए थे अमरकंटक, मधुमक्खियों से कर दी छेड़खानी, तीन की हालत गंभीर


उन्हें उपचार के लिए सिम्स में भर्ती किया गया है।अमरकंटक :
मध्यप्रदेश के देवास से अमरकंटक की सैर करने आए युवकों को पेड़ पर चढ़कर शहद निकालने की कोशिश महंगी पड़ गई। मधुमक्खियों के हमले के तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें उपचार के लिए सिम्स में भर्ती किया गया है।देवास निवासी करण पवार पिता प्रकाश पवार 31 वर्ष, देवेंद्र पटेल पिता भूपेंद्र पटेल 30 वर्ष और विनोद कुमार पिता बाबूलाल 30 वर्ष सोमवार को घूमने के लिए अमरकंटक पहुंचे थे। भ्रमण के दौरान पास के जंगल में उन्हें मधुमक्खी का छाता नजर आया। शहद निकालने के लिए तीन युवक कंबल लेकर पेड़ पर चढ़ गए।
उनकी कोशिश में छत्ता क्षतिग्रस्त हो गया। इस पर मधुमक्खियों ने तीनों पर हमला बोल दिया। एक युवक पेड़ से नीचे गिर गया। वहीं अन्य दो को मधुमक्खियों ने कई डंक मारकर घायल कर दिया। इस बीच आसपास के लोगों की उन पर नजर गई।
उन्होंने धुआं कर मधुमक्खियों का भगाया। तब तक सैकड़ों डंक लगने से तीन युवकों की हालत गंभीर हो गई थी। उन्हें उपचार के लिए तत्काल बिलासपुर के सिम्स भेजा गया। तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक उनके शरीर में काफी मात्रा में जहर फैल गया है। घटना की सूचना देवास में रहने वाले उनके परिजन को देने की कोशिश की जा रही है।
