
PM मोदी की जीत की खुशी में 3 घंटे तक होटल में फ्री रहा नाश्ता

बिलासपुर।
बिलासपुर लोकसभा सांसद प्रत्याशी अरुण साव की जीत के साथ केंद्र में भाजपा की सरकार बनने की खुशी में शहर के एक होटल में तीन घंटे तक चाय नाश्ता सबकुछ फ्री कर दिया गया था। गुरुवार की शाम को जैसे ही इसकी खबर मिली भारी भीड़ उमड़ी। तीन घंटे में पांच सौ पीस समोसा सहित 20 हजार रुपये का नाश्ता चट कर गए। पार्टी के एक कार्यकर्ता विकास मिश्रा ने आम जनता के लिए तीन घंटे तक निःशुल्क नाश्ता का एलान कर दिया। गोलबाजार स्थित श्रीराम नमकीन में लोगों की भीड़ उमड़ी। संचालक संजीव गुप्ता ने बताया कि पांच सौ पीस समोसा, सौ पीस कचोरी, आठ किलो मंगोड़ी, पांच सौ नग बड़ा,सौ पीस आलू चाप सहित 80 से अधिक लोगों ने चाय का मजा लिया। तीन घंटे में करीब 20 हजार रुपये का नाश्ता लोगों ने ग्रहण किया। सबसे अधिक मजदूर और युवा वर्ग की भीड़ रही। नाश्ते के साथ सभी हर हर मोदी के नारे भी लगाते दिखे।
