
अब गांव-गांव नुक्कड़ नाटक कर जनता को सरकार की सच्चाई बताएगी कांग्रेस

भोपाल।
चुनावी साल में कांग्रेस ने शिवराज सरकार के खिलाफ कमर कस ली है।कांग्रेस अब पूरी तरह से चुनावी मैदान में उतरने को तैयार है। सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस इन बचे चार महिनों में यात्राएं, सम्मेलन, प्रदर्शन के माध्यम से हल्ला बोलने को है। पोल-खोल अभियान के बाद कांग्रेस सच्चाई यात्रा निकालने जा रही है। इस यात्रा में वह हर जिले, हर गांव जा-जाकर नुक्कड नाटकों द्वारा सरकार की सच्चाई खोलेगी।

प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने विवेक तन्खा की अध्यक्षता वाली प्रचार और प्रसार समिति में बताया कि हर जिले में अलग-अलग ‘‘सच्चाई यात्रा’’ निकाली जायेगी। यात्रा में सरकार की नाकामियों को विभिन्न प्रचार माध्यमों से लोगों तक पहुंचाया जायेगा। इस यात्रा में स्थानीय कलाकारों और नुक्कड़ नाटकों को भी माध्यम बनाया जायेगा।
कमलनाथ ने प्रचार समिति के सदस्यों से कहा कि प्रचार की इस तरह की रणनीति और कार्ययोजना बनायी जाये जो लोगों को भावनात्मक रूप से प्रभावित कर सके। होर्डिंग के लिये कम भाषा में अधिक संदेश देने वाले विज्ञापनों का एक आकर्षक आकल्पन तैयार किया जा रहा है। प्रदेश भर में इसे होर्डिंग के माध्यम से जनता तक पहुंचाया जायेगा। उन्होंने कहा कि एक दो दिन के अंदर कांग्रेस आईटी सेल की प्रदेश कार्यकारिणी, जिला अध्यक्षों और विधानसभा बार समन्वयकों की नियुक्ति कर दी जायेगी।
विवेक तन्खा ने बताया है कि कांग्रेस के सोशल मीडिया में अभियान में जल्द ही एक बड़ा परिवर्तन देखने को मिलेगा, जिसकी तैयारी चल रही है। पोर्टल बनाकर उसमें प्रचार सामग्री डाली जायेगी। इस दौरान समिति के सदस्यों से लिखित में उपयोगी सुझाव भी लिए गए।
मुकेश नायक ने बताया कि हर जिले में एक रथ घुमाने की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। कांग्रेस का यह रथ हाट बाजारों और भीड़ भाड़ वाले मुख्य चौराहों तक जायेगा, जिसमें लोकभाषा और लोकगीतों के माध्यम से प्रचार किया जायेगा। नुक्कड़ नाटकों की कार्ययोजना भी तैयार की जा रही है।
बैठक में पूर्व मंत्री सुरेश पचैरी, कांगे्रस पदाधिकारी चंद्रप्रभाष शेखर, गोविंद गोयल, बाला बच्चन के अलावा समिति के अन्य सदस्य सुभाष सोजतिया, कमलेश्वर पटेल, नीलेश अवस्थी, संजीव उईके, राजेन्द्र मिश्रा, राजेश शर्मा, डाॅ. विक्रांत भूरिया, हरीश अरोरा और मुकेश वर्मा उपस्थित थे।
