पाकिस्तानी मूल के एक शख्स ने मेट्रिमोनियल वेबसाइट पर खुद की ब्रिटिश नागरिक की आईडी बनाई। इस झांसे में आकर एक महिला ने शादी के लिए संपर्क किया। उमर ने साठगांठ में शामिल एक और महिला की मदद से पाउंड में लाई गई मुद्रा को भारतीय मुद्रा में बदलने का झांसा देकर 33 लाख ठग लिए।
विकासनगर थाना में महिला ने पाकिस्तान निवासी डॉ. हैरी आनन्द उर्फ उमर मुश्ताक नाम के युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
वॉट्सऐप चैटिंग कर बातों में उलझाया
विकासनगर निवासी महिला का तलाक हो चुका है। दूसरी शादी करने के लिए महिला ने मेट्रिमोनियल वेबसाइट पर प्रोफाइल बनाई। महिला का आरोप है कि सर्चिंग के दौरान ही महिला को डॉ. हैरी आनन्द की आईडी से मैसेज मिला। आर्थोपेडिक सर्जन होने का दावा करने वाले हैरी आनन्द ने महिला के सामने शादी करने का प्रस्ताव रखा। वॉट्सऐप नम्बर पर दोनों के बीच बात होने लगी।
मार्च महीने में हैरी ने बताया कि वह मिलने के लिए भारत आ रहा है। साथ ही वॉट्सऐप पर हवाई जहाज टिकट की डिटेल भेज दी। 21 मार्च को महिला के पास वंदना मिश्रा नाम की महिला का फोन आता है और वह खुद को कस्टम अधिकारी बताती है। उसने कहा कि डॉ. हैरी आनन्द ब्रिटेन से पाउंड लेकर आए हैं। ऐसे में उन्हें क्लीयरंस नहीं मिल सकती। इस बीच महिला से हैरी आनन्द ने फोन पर बात करते हुए कहा कि मुसीबत में फंस गया हूं।
कस्टम अधिकारी के कहे मुताबिक रुपए जमा कर दो। आरोपी की बातों पर महिला ने विश्वास कर लिया। जिसका फायदा उठाते हुए हैरी आनन्द उर्फ उमर और वंदना मिश्रा ने कई टुकड़ों में पीड़िता से एक्सिस बैंक अकाउंट में करीब 33 लाख रुपए जमा करा लिए। 21 मार्च से पांच अप्रैल के बीच लाखों रुपए जमा कर चुकी महिला ने और रुपए देने से इनकार कर दिया। जिसके बाद हैरी ने उसका फोन उठाना बंद कर दिया।
जांच में आरोपी पाकिस्तानी नागरिक निकला
महिला ने पुलिस को बताया कि लाखों रुपए गंवाने के बाद कथित डॉ. हैरी आनन्द के बारे में छानबीन करना शुरू किया। इस दौरान पता चला कि हैरी आनन्द का असली नाम उमर मुश्ताक है। जो पाकिस्तान का नागरिक है। आरोपी हड्डी रोग विशेषज्ञ भी नहीं है। हैरी ने धोखाधड़ी करने के लिए हैरी आनन्द के नाम से फर्जी प्रोफाइल मेट्रिमोनियल वेबसाइट पर बनाई थी।