उत्तर प्रदेश में हरियाली बढ़ाने को आज पौधरोपण का महाअभियान है। सुबह छह बजे से शुरु हुए पौधरोपण अभियान के तहत आज करीब 30 करोड़ पौधे पूरे प्रदेश में लगाए जाएंगे। सुबह आठ बजेतक करीब 1.68 करोड़ पौधे अलग अलग जिलों में लगाए जा चुके हैं। वहीं मुख्यमंत्री बिजनौर व मुजफ्फरनगर में पौधा लगाकर अभियान का शुभारंभ करेंगे।
योगी सरकार हरियाली बढ़ाने के लिए शनिवार को 30 करोड़ पौधे लगाएगी। पौधारोपण अभियान सुबह छह बजे से शुरू होकर शाम छह बजे तक चलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बिजनौर व मुजफ्फरनगर में पौधा रोपकर पौधारोपण अभियान 2023 का शुभारंभ करेंगे। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मथुरा में पौधा रोपेंगी। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज व कौशांबी एवं ब्रजेश पाठक रायबरेली व बाराबंकी में पौधा लगाएंगे।
प्रदेश के सभी 75 जिलों में साढ़े चार लाख से अधिक स्थानों पर एक साथ पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। पिछले छह वर्षों में 135 करोड़ पौधे रोपने वाली योगी सरकार इस वर्ष 35 करोड़ और पौधे लगाने जा रही है। इसमें 30 करोड़ पौधे 22 जुलाई शनिवार को व शेष पांच करोड़ पौधे 15 अगस्त के दिन लगाए जाएंगे। सभी जिलों में मंत्रियों की निगरानी में पौधे लगाए जाएंगे। प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं विभागाध्यक्ष ममता संजीव दूबे ने बताया कि पौधारोपण अभियान में पारदर्शिता लाने के लिए सरकार ने सभी स्थलों का जियो टैग करवाया है।