NCB मुंबई के पूर्व जोनल निदेशक समीर वानखेड़े सीबीआई दफ्तर पहुंच चुके हैं। आर्यन खान ड्रग्स केस में उनसे सीबीआई पूछताछ कर रही है। आर्यन खान ड्रग्स मामले में शुक्रवार को समीर वानखेड़े ने बंबई उच्च न्यायालय में आरोप लगाया कि 2021 में एक क्रूज जहाज पर मादक पदार्थ जब्त किये जाने से संबंधित मामले में शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को आरोपी बनाया गया था। लेकिन बाद में इसे बदल दिया गया और उसका (आर्यन का) नाम हटा दिया गया। भारतीय राजस्व सेवा के अधिकारी वानखेड़े ने अदालत के समक्ष अपनी याचिका में यह दावा किया। इस याचिका में वानखेड़े ने अपने खिलाफ सीबीआई द्वारा दर्ज प्राथमिकी रद्द करने का अनुरोध किया था।
क्या है मामला
बता दें कि तीन अक्टूबर 2021 को कॉर्डेलिया क्रूज जहाज पर छापेमारी के बाद आर्यन खान को गिरफ्तार किया गया था। आर्यन पर लगे आरोपों को साबित करने के लिए पर्याप्त सबूतों की कमी के कारण बंबई उच्च न्यायालय ने तीन सप्ताह बाद आर्यन को जमानत दे दी थी। जांच एजेंसी ने आरोप लगाया था कि एनसीबी, मुंबई क्षेत्र को अक्टूबर 2021 में क्रूज जहाज पर कुछ लोगों के पास से मादक पदार्थ होने और उसके सेवन की सूचना मिली थी। जिसके बाद की गई छापेमारी में आर्यन खान को गिरप्तार किया गया था। आरोप है कि आर्यन खान को ड्रग्स मामले में न फंसाने के एवज में कुछ अधिकारियों द्वारा रिश्वत की साजिश रची गई थी।