spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

बृजभूषण शरण ने सरकार को भेजा जवाब:खेल मंत्री के साथ खिलाड़ियों की दोबारा बैठक, IOA भंग कर सकता है फेडरेशन

WFI और पहलवानों के बीच जारी विवाद में खेल मंत्री के आवास पर पहलवानों की मंत्री और अफसरों के साथ बैठक जारी है। इस बीच भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने उनकी शुक्रवार को होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द कर दी है। उनके बेटे प्रतीक ने मीडिया से कहा- बृजभूषण WFI (रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया) की 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाली सालाना बैठक के बाद खेल मंत्रालय को अपना आधिकारिक जवाब देंगे। वहीं, सूत्रों का कहना है कि बृजभूषण शरण ने खेल मंत्रालय को अपना जवाब भेज दिया है।

बार-बार बदला टाइम
बृजभूषण सिंह की 4 बजे से होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू ही नहीं हो पाई। सूत्रों ने बताया कि ऊपर से प्रेस कॉन्फ्रेंस कैंसिल करने का प्रेशर था। कॉन्फ्रेंस के लिए मौजूद पत्रकारों को कई बार टाइम बदलने का मैसेज आता रहा। पहले 4.30 बजे का मैसेज आया, फिर 5 बजे, 6 बजे, 6.30 बजे और फिर 7 बजे का मैसेज आया था।

नेशनल चैंपियनशिप छोड़कर लौटे 200 पहलवान
इस विवाद का असर यूपी के गोंडा में होने वाली नेशनल चैंपियनशिप पर भी पड़ा है। चैंपियनशिप में हिस्सा लेने गए दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के कई खिलाड़ी लौट रहे हैं। इनमें शामिल दिल्ली के रेसलर प्रदीप मीणा ने बताया कि अब तक 200 से ज्यादा रेसलर लौट चुके हैं। इन लोगों ने चैंपियनशिप में खेलने से इनकार कर दिया है।

करीब 15 साल से रेसलिंग कर रहे प्रदीप के मुताबिक, ‘अब गोंडा में ज्यादा पहलवान नहीं है। हम लोग दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे रेसलर्स के साथ हैं। वहां पहुंचते ही जंतर-मंतर जाएंगे। प्रदीप ने आरोप लगाया- हमें अपने पैसों से आने-जाने की टिकट करानी पड़ती है। रुकने का इंतजाम भी अच्छा नहीं होता। कॉलेज के कमरों में रुकवा देते हैं। यहां पतले-पतले गद्दे होते हैं। हमें खाने को भी कुछ नहीं मिला। सुबह भी अपने पैसों से खाना खाया।

बृजभूषण बोले- मुंह खोल दूंगा तो सुनामी आ जाएगी
यौन शोषण के आरोपों में घिरे भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने शुक्रवार को इस्तीफा देने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, ‘मैं मुंह खोल दूंगा तो सुनामी आ जाएगी। मेरे समर्थन में भी कई खिलाड़ी हैं।’ सूत्रों की माने तो खेल मंत्रालय WFI पर डायरेक्ट एक्शन नहीं ले सकता है, लेकिन इंडियन ओलिंपिक संघ फेडरेशन को भंग कर सकता है। ऐसे में अगर बृजभूषण नहीं माने तो IOA कार्रवाई कर सकता है। पहलवानों ने IOA अध्यक्ष पीटी ऊषा को शिकायती पत्र भेजा है।

पहलवानों ने IOA को लिखा लेटर
इंडियन ओलिंपिक संघ (IOA) को लिखे लेटर में पहलवानों ने अपना पूरा दर्द बयान किया। पहलवानों ने आरोप लगाया- जब टोक्यो ओलिंपिक में विनेश फोगाट मेडल से चूक गई थीं, तब कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने उन्हें मानसिक तौर पर इतना परेशान किया कि विनेश ने सुसाइड का मन बना लिया था। इधर, तीसरे दिन के धरने के बाद खिलाड़ी खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के घर पहुंचे हैं। खिलाड़ियों और ठाकुर के बीच कल भी दो घंटे बातचीत हुई थी।

हमें सुना तो गया, लेकिन संतुष्ट जवाब नहीं मिला: विनेश
विनेश ने धरना स्थल पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- हमारी मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन जारी रहेगा। हम यहीं (जंतर-मंतर पर) मैट लगाकर अपनी प्रैक्टिस जारी रख सकते हैं। हमने अपने ईश्यू खेल मंत्री के सामने रखे थे। कुछ मुद्दे ऐसे थे जिन पर हम असंतुष्ट थे। उन्होंने हमें आज शाम को फिर बुलाया है।

हमारे साथ 5 से 6 लडकियां हैं, जिनके साथ शोषण हुआ है। हमने जो इल्जाम लगाए हैं, वे सच हैं। हम झूठ नहीं बोल रहे हैं। अगर सुनवाई नहीं हुई तो हम केस करके आगे बढ़ेंगे। हमें अब तक सुना गया है, लेकिन संतुष्ट जवाब नहीं मिला है।

विनेश ने कहा- हम आत्मसम्मान की रक्षा के लिए यहां आए हैं। ये कुश्ती का दुर्भाग्य होगा की लड़कियों के साथ इतना शोषण हुआ है। फेडरेशन में उन्हीं (बृजभूषण) के लोग भरे पड़े हैं। हमें देश के PM पर भरोसा है। मैं PM सर से रिक्वेस्ट कर रही हूं की आप हमारे साथ न्याय करें।

3 दिन से बृजभूषण शरण के इस्तीफे की मांग कर रहे महिला और पुरुष पहलवानों ने भारतीय ओलिंपिक संघ में यौन शोषण की शिकायत की है। खेल मंत्रालय ने लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को भी इन पहलवानों से बातचीत की। गुरुवार को खेल मंत्री अनुराग ठाकुर की पहलवानों के साथ 4 घंटे बैठक चली थी। अनुराग ठाकुर अभी बृजभूषण के जवाब का इंतजार कर रहे हैं।

इस बीच, WFI ने कहा कि सीनियर नेशनल ओपन टूर्नामेंट अपने तय समय 21 से 23 जनवरी के बीच गोंडा में होगा और सभी पहलवान इसमें पहुंचें।

बृजभूषण को खेल मंत्रालय हटा नहीं सकता
युवा कार्य और खेल मंत्रालय ने WFI को नोटिस देकर 72 घंटे में जवाब मांगा था, जिसकी मियाद खत्म होने वाली है। सूत्रों की मानें तो जल्द ही फेडरेशन अपनी रिपोर्ट मंत्रालय को सौंप सकता है। इधर, सूत्रों ने बताया कि पहलवान भले ही यौन उत्पीड़न के मामले में सबूत का दावा कर रहे हैं, लेकिन अब तक कुछ दिया नहीं है।

इंडियन ओलिंपिक संघ के पास फेडरेशन भंग करने का अधिकार
इंडियन ओलिंपिक संघ (IOA) के पास नेशनल फेडरेशन को भंग करने का अधिकार है। 2008 और 2009 में ऐसा किया जा चुका है। IOA ने 2008 में हॉकी फेडरेशन को भंग कर दिया था। उस समय फेडरेशन के सेक्रेटरी के ज्योति कुमारन पर एक स्टिंग ऑपरेशन में खिलाड़ी से पैसे लेने का मामला सामने आया था।

तब हॉकी फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष केपीएस गिल थे। उस समय अस्थायी समिति की कमान पूर्व हॉकी खिलाड़ी असलम शेख खान को सौंपी गई थी। इस समिति में पूर्व हॉकी खिलाड़ी अजितपाल सिंह, जफर इकबाल, धनराज पिल्लै और आशोक कुमार इसके सदस्य थे।

2009 में वेटलिफ्टिंग फेडरेशन को भी IOA ने भंग कर दिया था। उस समय वेटलिफ्टिंग में डोप के कई मामले आ रहे थे। उस समय अध्यक्ष हरभजन सिंह थे।

मार्च तक खत्म हो रहा कार्यकाल
मंत्रालय की ओर से कुश्ती संघ के अध्यक्ष पर कार्रवाई के चांसेज कम हैं। सूत्रों ने बताया- WFI अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह खुद रिजाइन करते हैं तो ठीक, वर्ना मिनिस्ट्री उन्हें हटा नहीं सकती। WFI अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह का कार्यकाल मार्च तक खत्म हो रहा है। कुश्ती संघ के नियमों के अनुसार वे अब आगे चुनाव नहीं लड़ सकते हैं।

आज के बड़े अपडेट्स…

  • WFI ने रेसलिंग का सीनियर नेशनल टूर्नामेंट 21 से कराने का फैसला किया है। यह गोंडा में हो रहा है। फेडरशन का कहना है कि इसमें सभी रेसलर्स पहुंचें।
  • रिपोर्ट्स के मुताबिक, बृजभूषण ने यौन शोषण के आरोपों को लेकर गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात की है। हालांकि खुद बृजभूषण ने ऐसी किसी बातचीत से इनकार कर दिया है।
  • सूत्रों के मुताबिक खेल मंत्रालय ने आरोपों की जांच और मांगों पर विचार के लिए कमेटी बनाने का सुझाव दिया है। ऐसा कहा जा रहा है कि इस पर पहलवान राजी नहीं हैं।
  • बॉक्सर विजेंदर सिंह भी शुक्रवार सुबह जंतर-मंतर पहुंचे। उन्होंने कहा कि मैं यहां पहलवानों से मिलने आया हूं।
  • #danikbhaskar

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles