मध्य प्रदेश के मुरैना में आपस की पुरानी रंजिश आज खून-खराबे में बदल गई। आपसी रंजिश में एक ही परिवार के 4 सदस्यों की मौत की खबर आ रही है। वहीं इस घटना में महिलाओं सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना सिंहोंनिया थाना अंतर्गत लेपा गांव की है। यहां आज सुबह धीर सिंह समेत अन्य लोगों ने हथियारों समेत गजेंद्र सिंह के घर पर हथियारों से हमला किया। इस घटना में 4 लोगों की मौत की खबर है। बता दें कि यह विवाद साल 2013 में घूर पर कूड़ा डालने से शुरू हुआ था। इस दौरान धीर सिंह तोमर और गजेंद्र सिंह तोमर के बीच हुए विवाद में धीर सिंह के परिवार के दो लोगों की मौत हो गई थी।
हालिया गोलीबारी की घटना के बाद से हमलावर गांव छोड़कर फरार हो गया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। जिले के प्रभारी पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए अत्यधिक पुलिस बल की तैनाती गांव में कर दी है।