लखनऊ सिविल अस्पताल में डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 123वीं जंयती पर उनकी प्रतिमा पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माल्यार्पण किया। इस दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे। सीएम योगी ने कहा कि डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने ‘ एक देश में दो निशान एक देश में दो संविधान और एक देश में दो प्रधान नहीं चलेंगे’ का नारा दिया था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनसंघ के संस्थापक डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने ‘ एक देश में दो निशान, एक देश में दो संविधान और एक देश में दो प्रधान नहीं चलेंगे’ का नारा दिया था। उन्होंने अनुच्छेद 370 का हमेशा विरोध किया। भारत के प्रति उनकी जो सोच थी उसे मोदी सरकार के नेतृत्व में प्रभावी तरीके से लागू किया जा रहा है।
पांच अगस्त 2019 को अनुच्छेद 370 को सदैव के लिए समाप्त कर जम्मू कश्मीर को मुख्य धारा के साथ जोड़ने का कार्य किया। उनके संकल्प को आगे बढ़ाया जा रहा है। मुख्यमंत्री गुरुवार को डा.श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल अस्पताल) लखनऊ में डा. मुखर्जी की 123 वीं जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद सभा को संबोधित कर रहे थे।
भूतपूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने प्रतिमा का अनावरण किया था
सिविल अस्पताल में डॉ. मुखर्जी की प्रतिमा का अनावरण पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 19 जुलाई 1996 को किया था। डॉ. मुखर्जी का जन्म छह जुलाई 1901 में हुआ था। 23 जून 1953 को उनका निधन हुआ था।
अस्पताल का निरीक्षण किया
कार्यक्रम के बाद उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सिविल अस्पताल का निरीक्षण किया। इमरजेंसी वार्ड में उन्होंने मरीजों से बातचीत की।