spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

14 में 11 मेयर का टिकट काट सकती है भाजपा:लखनऊ से डिप्टी CM की पत्नी दावेदार; अयोध्या से हनुमानगढ़ी के महंत रेस में सबसे आगे

उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव की तारीखों के ऐलान होने के बाद से ही भाजपा में सबसे ज्यादा टिकट के लिए मारामारी शुरू हो गई है। 17 सीटों पर मेयर के चुनाव को लेकर जहां एक तरफ भाजपा सभी सीटों के जीतने का दावा कर रही है, तो वहीं मौजूदा मेयर अपना टिकट बचाने के लिए लखनऊ से लेकर दिल्ली तक दौड़ लगा रहे हैं। भाजपा के 14 मेयर प्रत्याशियों में 11 का टिकट कट सकता है, 3 का ही टिकट बच सकता है।

फिलहाल भाजपा ने टिकट देने की प्रक्रिया को व्यापक बनाया है। इसके लिए निकाय प्रभारियों और संयोजक नियुक्त किए हैं। ये 3 नामों का प्रस्ताव पैनल क्षेत्रीय टीम के जरिए प्रदेश की टीम को भेजेंगे। इसके बाद मेयर का टिकट फाइनल होगा। जबकि पार्षदों के टिकट को प्रदेश की टीम का पैनल ही फाइनल करेगा।

लखनऊ: डिप्टी CM ब्रजेश पाठक की पत्नी भी दावेदार
सबसे पहले बात प्रदेश की राजधानी लखनऊ की… राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ परिवार से ताल्लुक रखने वाली मौजूदा मेयर संयुक्ता भाटिया आरक्षण का रास्ता साफ होने के बाद फिर से महापौर बनने के लिए लखनऊ से दिल्ली तक दौड़ लगा रही हैं। संयुक्ता भाटिया बीते भाजपा के मेयर चुनाव के इतिहास को देखते हुए दोबारा दावेदारी मांग रही हैं।

फिलहाल संयुक्ता भाटिया टिकट कटने की मुख्य वजह भाजपा की उम्र सीमा मानी जा सकती है। संयुक्ता के अलावा उनकी बहू रेशू भाटिया भी दावेदार हैं। इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री अखिलेश दास की पत्नी अलका दास, अपर्णा यादव और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की पत्नी नम्रता पाठक भी दावेदार हैं। फिलहाल भाजपा किसी नए चेहरे को भी चुनाव मैदान में उतार सकती है।

प्रयागराज: मंत्री नंदी की पत्नी प्रमुख दावेदार
प्रयागराज में अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन और उनके परिवार को टिकट न मिलने से मेयर चुनाव का समीकरण बदल गया है। लेकिन, भाजपा में मंत्री नंदी की पत्नी अभिलाषा गुप्ता नंदी, राकेश शुक्ला और डॉ कीर्तिका अग्रवाल प्रमुख दावेदार हैं।

गाजियाबाद: मौजूदा मेयर का टिकट कट सकता है
गाजियाबाद में भाजपा की मौजूदा मेयर आशा शर्मा का टिकट कट सकता है। 2017 में भी भाजपा से ही मेयर बनी थीं। वहीं, सुनीता दयाल और शशि अरोड़ा का नाम भी दौड़ में शामिल है।

इन 11 का कट सकता है टिकट, 3 सीटों पर बदला रिजर्वेशन

  1. लखनऊ- संयुक्ता भाटिया
  2. वाराणसी- मृदुला जायसवाल
  3. कानपुर- प्रमिला पांडेय
  4. अयोध्या- ऋषिकेश उपाध्याय
  5. गाजियाबाद- आशा शर्मा
  6. गोरखपुर- सीताराम जायसवाल
  7. मथुरा- मुकेश आर्या
  8. फिरोजाबाद- नूतन राठौर
  9. सहारनपुर- संजीव वालिया (रिजर्वेशन बदल गया)
  10. आगरा- नवीन जैन (रिजर्वेशन बदल गया)
  11. झांसी- राम तिरथ सिंघल (रिजर्वेशन बदल गया)

इन 3 को फिर मिल सकता है टिकट

  1. प्रयागराज: अभिलाषा गुप्ता नंदी
  2. मुरादाबाद: विनोद अग्रवाल
  3. बरेली: उमेश गौतम

चुनाव का पूरा कार्यक्रम
पहले चरण के लिए चार मई और दूसरे चरण में 11 मई को वोटिंग होगी। जबकि राज्य में 13 मई को रिजल्ट आएगा। प्रदेश में नए नगर निगम शाहजहांपुर समेत 17 नगर निगम के मेयर का चुनाव है। 1420 पार्षदों का चुनाव EVM से होगा। नगरपालिका परिषद के 199 अध्यक्ष पदों और 5327 सदस्यों का बैलेट पेपर के जरि, मतदान किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles