spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

पृथ्वी शॉ का रणजी में पहला तिहरा शतक:इस फॉर्मेट में किसी ओपनर का सबसे बड़ा स्कोर, 400 रन से चूक गए

मुंबई के पृथ्वी शॉ ने रणजी ट्रॉफी करियर में अपना पहला तिहरा शतक जड़ा। उन्होंने 383 बॉल पर 379 रन की पारी खेली। यह रणजी ट्रॉफी इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी पारी है। उनसे पहले 1948-49 के सीजन में बीबी निंबालकर ने महाराष्ट्र के लिए 443 रन की नॉटआउट पारी खेली थी।

पृथ्वी का स्कोर रणजी ट्रॉफी में किसी ओपनर का सबसे बड़ा स्कोर भी है। उन्होंने त्रिपुरा के समित गोहेल का रिकॉर्ड तोड़ा। गोहेल ने 2016 में 359 रन की नाबाद पारी खेली थी।

326 गेंदों में जड़ा तिहरा शतक, सिर्फ 4 छक्के लगाए
मुंबई और असम के बीच गुवाहाटी में रणजी ट्रॉफी के राउंड-5 का मैच खेला जा रहा है। पहले दिन मंगलवार को मुंबई ने पहले बैटिंग करते हुए 2 विकेट पर 397 रन बनाए। पृथ्वी तब 240 के स्कोर पर नाबाद थे। बुधवार को पहले सेशन में ही उन्होंने 326 गेंदों पर अपना तिहरा शतक पूरा किया। वह 379 रन बनाकर आउट हुए। इस पारी में उन्होंने 49 चौके और 4 छक्के लगाए।

रणजी ट्रॉफी में यह उनका बेस्ट स्कोर भी है। इससे पहले उन्होंने 2019-20 के रणजी सीजन में बड़ौदा के खिलाफ 202 रन बनाए थे। मुंबई ने दूसरे सेशन तक 127 ओवर में 3 विकेट पर 608 रन बना लिए हैं। उनके कप्तान अजिंक्य रहाणे शतक बनाकर सरफराज खान के साथ खेल रहे हैं।

संजय मांजरेकर का 33 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
इस पारी के साथ ही पृथ्वी ने रणजी ट्रॉफी में मुंबई के किसी खिलाड़ी द्वारा सबसे बड़ा स्कोर भी बनाया। उनसे पहले 1990-91 के सीजन में संजय मांजरेकर ने मुंबई के लिए हैदराबाद के खिलाफ 377 रन की पारी खेली थी।

मुंबई की टीम इस सीजन के 4 में से 2 मैच जीतकर एलिट ग्रुप-बी के पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर है। उन्होंने एक मैच हारा और एक ड्रॉ भी खेला। टीम के 16 पॉइंट्स हैं। 19 पॉइंट्स के साथ सौराष्ट्र की टीम इस ग्रुप में टॉप पर है। इस ग्रुप की टॉप-2 टीमें नॉकआउट राउंड खेलेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles