मिशन मून के तहत जब विक्रम लैंडर शाम को चंद्रमा की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग का प्रयास करेगा उस वक्त देश सबसे कष्टदायक बीस मिनटों में से एक से गुजरेगा। भारत का चंद्रयान-3 चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास प्रज्ञान रोवर के साथ विक्रम लैंडर की सॉफ्ट लैंडिंग कराने का प्रयास करके इतिहास रचने के लिए पूरी तरह तैयार है।
भारत इतिहास रचने के लिए पूरी तरह तैयार है। उसका तीसरा चंद्र मिशन, चंद्रयान-3, बुधवार, 23 अगस्त को शाम 6:04 बजे चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र पर सफल लैंडिंग करने के साथ ही भारत के नाम कई खास उपलब्धियां होंगी। हालांकि प्रतिकूल परिस्थितियों में लैंडिंग को 27 अगस्त तक के लिए टाला जा सकता है, इसरो के एक वैज्ञानिक ने कहा, “कोई समस्या नहीं होनी चाहिए और हम 23 अगस्त को मॉड्यूल को लैंड करने में सक्षम होंगे।
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा चंद्रमा पर तिरंगा फहराएगा चंद्रयान 3
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यह भारत के लिए गर्व की बात है। हमारे वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत का नतीजा है कि चंद्रयान-3 लैंडिंग प्रक्रिया के आखिरी चरण में है. पूरा देश प्रार्थना कर रहा है, मैं मेरा दृढ़ विश्वास है कि प्रार्थनाएं परिणाम दिखाएंगी और चंद्रयान-3 चंद्रमा पर तिरंगा फहराएगा।
हमारे वैज्ञानिक भारत का नाम रोशन करेंगे- सपा सांसद एस.टी. हसन
सपा सांसद एस.टी. हसन कहते हैं कि हमें ऊपर वाले से पूरी उम्मीद है कि हमारा चंद्रयान मिशन बहुत सफल होगा। मैं अपने वैज्ञानिकों को पहले से बधाई देता हूं कि वे कुछ बड़ा हासिल करने वाले हैं। आपने देखा कि हाल ही में रूस का मिशन विफल हो गया। हमें उम्मीद है कि हम सफल होंगे और हमारे वैज्ञानिक भारत का नाम रोशन करेंगे।