कानपुर देहात में पति ने शनिवार को अपनी पत्नी और 2 बच्चों की हत्या कर दी। उसके बाद खुद फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। वारदात को अंजाम देने से पहले पति फेसबुक पर लाइव आया था। उसे शक था कि उसकी पत्नी का 2 लोगों से अफेयर चल रहा है। जिसके चलते उसने पहले पत्नी फिर दोनों बच्चों का गला घोंटकर मार दिया। इसके बाद पत्नी की साड़ी से फंदा बनाकर पंखे से लटककर जान दे दी। बताया जा रहा है कि पति ने सभी को बेहोशी की दवा भी दी थी।
लाइव आकर उसने 2 लोगों का नाम लिया
फेसबुक पर लाइव आकर उसने किसी मुकेश और 1 अन्य का नाम लिया। पति ने वीडियो में कहा, इन दोनों से उसकी पत्नी का अफेयर है। इन दोनों ने उसका घर बर्बाद कर दिया है। उसने गलत होता देखा है, इसलिए अब वो भी गलत कर रहा है। ये बताने के बाद इंद्रपाल ने लाइव बंद कर दिया।
ग्रामीण ने खिड़की से शव को लटकता देखा
मामला कानपुर देहात के भोगनीपुर तहसील के बरौर थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव का है। शनिवार दोपहर करीब 1 बजे युवक ने वारदात को अंजाम दिया। घर के बगल में रहने वाले ग्रामीण ने खिड़की से युवक का शव लटकते हुए देखा।
इसके बाद उसने ग्रामीणों और पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक के भाइयों को मामले की जानकारी दे दी गई है।
दोनों के बीच हमेशा लड़ाई होती थी
मामले में ग्रामीणों का कहना है कि इंद्रपाल 5 साल पहले नौकरी करने गुजरात गया था। बाहर जाने के बाद से ही इनके घर में लड़ाई शुरू हो गई थी। इंद्रपाल जब भी आता था पति-पत्नी के बीच झगड़ा होता था। इस बार भी दोनों में लड़ाई हुई थी।
इंद्रपाल किसी फोटो की बात कर रहा था। हम लोगों को लग रहा है गांव में किसी ने इंद्रपाल को उसकी पत्नी के बारे में बोला होगा। तभी वह गांव आया और फिर ये सब कर दिया। लोगों का यह भी कहना है कि इंद्रपाल का पत्नी पर शक सही था।