यूपी में बुधवार को एक बार फिर मौसम पलट गया। लखनऊ, कानपुर, झांसी और बरेली में सुबह रुक-रुककर बारिश हुई। बाकी, 20 से ज्यादा जिलों में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश यानी 75 जिलों में अगले 5 दिन (30 जनवरी) तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, कुछ जगहों पर ओले भी गिरने का अनुमान है।
कानपुर के सीएसए विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हवाओं के अलावा अन्य दिशाओं से भी हवाएं यूपी की तरफ आ रही हैं। मौसम के चार सिस्टम काम कर रहे हैं। इसका भी असर पड़ रहा है।
अयोध्या में सुबह से आसमान में बादल छाए हैं। बुधवार को बरेली में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबकि अधिकतम तापमान 24 डिग्री पहुंचने का अनुमान है। पिछले 36 घंटे में 38 मिमी बारिश रिकार्ड दर्ज की गई। आज 9 मिमी बारिश होने की संभावना है।
मंगलवार को कानपुर सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। जबकि अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य तापमान से 3.6 डिग्री अधिक था।

1 सेमी. से ज्यादा बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ ने सात शहरों में एक सेमी. से ज्यादा बारिश का अनुमान जताया है। जिसमें अयोध्या, आगरा, बरेली, हाथरस, संभल, मैनपुरी, मेरठ मंडल के शामिल है। वहीं, ठंड में बारिश के चलते तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की जा सकती है।
मंगलवार को कानपुर रहा सबसे ज्यादा गर्म
मंगलवार को कानपुर में सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। IMD के पूर्वानुमान और येलो अलर्ट के बावजूद बारिश नहीं हुई। इस दौरान अधिकतम तापमान भी चार डिग्री बढ़कर 25 पर पहुंच गया। रात का पारा महीने में दूसरी बार 10.8 डिग्री पर पहुंच गया।
अयोध्या में सुबह से आसमान में बादल छाए हुए। तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 24डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जबकि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 89 प्रतिशत और सापेक्षिक आर्द्रता न्यूनतम 57 प्रतिशत रही। आचार्य नरेंद्र देव कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने एवं कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है।
झांसी में आज सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक बारिश की आशंका जताई है। आज सुबह करीब दो एमएम बारिश दर्ज की गई है। शहर का न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। जबकि अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रह सकता है।
कानपुर मंडल में नहीं हुई बारिश
मौसम विभाग के मुताबि,क एक साथ चार मौसमी सिस्टमों के बनने से पूर्वानुमान सटीक नहीं रहा। एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू कश्मीर पर बना हुआ है। प्रेरित चक्रवर्ती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण-पश्चिम राजस्थान व आसपास बना हुआ है। एक ताजा विक्षोभ उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में बन रहा है। ऐसे अनेक कारणों से कानपुर मंडल में दिन में बारिश नहीं हो सकी।